Thursday, October 22nd, 2026

PS ने कलेक्टरों और जिले के अफसरों को पत्र लिखकर कहा हाई और हायर सेकेण्डरी शिक्षकों को अन्य कार्य में ना लगाए

भोपाल
कोविड के चलते स्कूली विद्यार्थियों का पठन-पाठन प्रभावित हुआ है और दसवी और बारहवी की परीक्षाएं तीस अप्रैल से शुरु हो रही है। ऐसे में स्कूल शिक्षा विभाग की प्रमुख सचिव रश्मि अरुण शमी ने कलेक्टरों और जिले के अफसरों को पत्र लिखकर कहा है कि शिक्षकों को किसी भी अन्य काम में ना लगाया जाए उनसे केवल पढ़ाई का काम लिया जाए।

प्रमुख सचिव ने अधिकारियों से कहा है कि दसवी और बारहवी की परीक्षाओं में अब काफी कम समय बाकी रह गया है इसलिए जरुरी है कि हाई स्कूल और हायर सेकेण्डरी शालाओं में अब नियमित रुप से पठन-पाठन सुनिश्चित किया जाए। जिले के अधिकारियों और हाई स्कूल और हायर सेकेण्डरी शालाओं के समस्त प्राचार्यो के साथ परीक्षा की तैयारी की समीक्षा करें।

 उन्होंने नौवी से बारहवी तक की कक्षाओं में अध्यापन कराने वाले शिक्षकों की ड्यूटी अन्य किसी कार्य में नहीं लगाने के निर्देश दिए है। प्रमुख सचिव के इस निर्देश के बाद नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों के लिए ली जाने वाली स्कूली शिक्षकों की सेवाओं पर फिलहाल विराम लग गया है। वहीं जनगणना कार्य भी चल रहा है इनमें भी शिक्षकों को नहीं लगाया जाएगा। कोरोना संक्रमण से लोगों को बचाने, जागरुकता लाने और इसके लिए अन्य कार्य में भी अब शिक्षकों को नहीं लगाया जा सकेगा।

 

#PS#कलेक्टर#हायर सेकेण्डरी

Source : Agency

पाठको की राय